बूंदी के लबान कस्बे में बुधवार को एक बेसहारा गाय बैंक तिराहे पर अचानक गिरकर बेहोश हो गई। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। इसी दौरान समाजसेवी रामावतार मीणा वहां पहुंचे। उन्होंने गाय की गंभीर हालत देखते हुए तुरंत मदद का फैसला किया और उसे उपचार के लिए कस्बे के पशु अस्तपाल ले गए। पशु अस्तपाल में ताला लगा मिला। इस पर मीणा ने डॉक्टर के समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने की शिकायत सरपंच से की। इसके साथ ही, उन्होंने सरकार द्वारा संचालित बेसहारा पशुओं की मोबाइल चिकित्सा सेवा को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वेटनरी एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में मौजूद डॉक्टरों ने गाय का प्राथमिक इलाज किया। समय पर इलाज मिलने से गाय की जान बच गई। इस दौरान स्थानीय युवाओं ने भी गाय को संभालने और उपचार में सहयोग किया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पशु चिकित्सालय में नियमित रूप से डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी किसी भी आपात स्थिति में पशुओं को समय पर इलाज मिल सके। कंटेंट: दिनेश व्यास देईखेड़ा