कोलकाता के मशहूर बिस्वा बांग्ला गेट के अंदर बने हैंगिंग रेस्टोरेंट में आग लग गई। ढांचे से धुआं उठने और करीब 82 फीट नीचे सड़क पर चिंगारियां गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट के अंदर 50 लोग थे। सभी सुरक्षित हैं।फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। आज की अन्य बड़ी खबरें… बॉम्बे हाईकोर्ट में कार्यवाही का वीडियो बनाने पर ₹25 हजार का जुर्माना, डिलीट करने का भी आदेश बॉम्बे हाईकोर्ट ने कोर्ट कार्यवाही का वीडियो बनाने के मामले में एक जूनियर वकील पर 25 हजार रुपए और एक वकील के क्लर्क पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने क्लर्क का मोबाइल जब्त करने और रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट करने का भी आदेश दिया। यह मामला झुग्गी पुनर्वास परियोजना से जुड़ी याचिकाओं की सुनवाई के दौरान का है। कोर्ट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एएच लड्डहड़ ने एक क्लर्क को गलियारे से मोबाइल पर कार्यवाही रिकॉर्ड करते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी जजों को दी। क्लर्क ने बताया कि वह दूसरे वकील के चैंबर में काम करने वाले एक जूनियर वकील के कहने पर वीडियो बना रहा था। बेंगलुरु में निर्माणाधीन बिल्डिंग में धमाके के बाद आग लगी, दो लोग घायल; बैटरी फटने की आशंका बेंगलुरु में निर्माणाधीन बिल्डिंग में बुधवार तड़के करीब 2.30 बजे धमाका हो गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए। आशंका है कि यह घटना बैटरी फटने की वजह से हुई है। कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसा जारमिया रोड पर बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर हुआ। धमाके के बाद बिल्डिंग में आग लग गई। फायर ब्रिगेड कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायलों में नेपाल का एक सुरक्षा गार्ड और एक मजदूर शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए बोवरिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली-NCR में GRAP-1 की पाबंदियां लागू, हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची; AQI 244 दर्ज दिल्ली-NCR में हवा की गुणवत्ता खराब होने के बाद बुधवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण की पाबंदियां लागू कर दी गईं। इसके तहत होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों के तंदूर में कोयले और लकड़ी के इस्तेमाल करने पर रोक रहेगी। डीजल जनरेटर का इस्तेमाल केवल इमरजेंसी या जरूरी परिस्थितियों में किया जा सकेगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के मुताबिक, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 20 अक्टूबर को 179 था, जो 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे बढ़कर 244 पहुंच गया। मौसम एजेंसियों ने आने वाले दिनों में भी AQI खराब श्रेणी में बने रहने का अनुमान जताया है। आंध्र निकाय चुनाव नामांकन पर सुप्रीम कोर्ट का निर्देश, चुनाव आयोग को कल तक फैसला लेने को कहा सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को आंध्र प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग (APSEC) को शहरी निकाय चुनावों में नामांकन की समयसीमा पर फिर विचार करने का निर्देश दिया। आयोग को 22 अक्टूबर तक फैसला करना होगा कि कानून-व्यवस्था की वजह से नामांकन नहीं भर पाने वाले उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय दिया जाए या नहीं। कोर्ट ने अंतिम उम्मीदवार सूची जारी करने पर 25 अक्टूबर तक रोक लगाई है। यह सूची पहले 21 अक्टूबर को जारी होनी थी। अदालत ने हिंसा, रोकने और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों से जुड़ी शिकायतों की गुरुवार तक जांच करने को कहा है। समय बढ़ाने का फैसला होने पर उम्मीदवारों को कम से कम 48 घंटे देने होंगे। जम्मू-कश्मीर में खाई में गिरी बस, महिला और 6 साल की बच्ची की मौत; 15 घायल, 6 गंभीर जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक यात्री बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई गई है। बस पेचाउंड से रामनगर जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे गुल्ली गाला के पास हादसा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और 17 घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), बसंतगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रामनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक महिला और 6 साल की बच्ची ने दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में 6 घायलों को बेहतर इलाज के लिए उधमपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मुंबई के संजय गांधी नेशनल पार्क में फायरिंग; एक की मौत, कई घायल महाराष्ट्र के संजय गांधी नेशनल पार्क में मंगलवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। फायरिंग ठाणे के येऊर रेंज के चेना बीट इलाके में हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जंगल की सीमा से करीब 450 मीटर अंदर खून के निशान मिले। मृतक मीरा-भायंदर नगर निगम क्षेत्र के बेलकारी पाड़ा का निवासी बताया जा रहा है। मणिपुर में जंगल में एक और कुकी की हत्या, छह घर जलाए, मैतेई की हत्या पर 5 जिलों में बंद मणिपुर में मंगलवार को हथियारबंद लोगों ने कांगपोकपी में 45 वर्षीय कुकी पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वह जंगल में बांस की कोपलें लेने गया था। उखरुल में कुकी समुदाय के 6 घर फूंक दिए गए। सोमवार को 3 मैतेई लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार से 48 घंटे की हड़ताल शुरू हुई। 5 घाटी जिलों में बाजार, स्कूल-कॉलेज और परिवहन ठप रहे। सीएम युमनाम खेमचंद सिंह ने विपक्षी नेताओं के साथ सुरक्षा की समीक्षा की। विपक्ष ने सर्वदलीय बैठक की मांग की। मणिपुर में शनिवार से सोमवार के बीच हिंसा में मैतेई, कुकी, नगा व पांगाल समुदाय आमने-सामने आए। नेपाली समुदाय भी तनाव की चपेट में आया।