राहुल गांधी के विदेश दौरे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें वे कह रह हैं, "राहुल गांधी से इतना निवेदन है कि 12 साल में आप जहां-जहां विदेश दौरे पर गए हैं उसके टिकट का फंडिंग किसने किया और आप किसे-किसे मिले वो बताएं, क्योंकि आप संवैधानिक व्यक्ति हैं। इसका खुलसा आपको करना चाहिए अगर आप नहीं करते हैं तो यही समझा जाएगा आप विदेशी ताकतों के हाथ से खिल रहे हैं।" आज की अन्य बड़ी खबरें… सिक्किम के ग्यालशिंग में भूकंप, तीव्रता 3.6 सिक्किम के ग्यालशिंग में शाम 6:58 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि अभी तक इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। दिलजीत दोसांझ को कॉन्सर्ट के लिए परमिशन मिली, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा सिंगर दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। इवेंट आयोजक 'बुकमायशो लाइव' ने शुक्रवार को बताया कि कॉन्सर्ट के लिए जो अनुमति कुछ समय के लिए रोक दी गई थी, उसे जारी कर दिया गया है। दिल्ली के 3 स्कूलों को बम की धमकी; तलाशी जारी, बम स्क्वाड पहुंची दिल्ली के तीन स्कूलों को शुक्रवार सुबह बम की धमकी वाले ईमेल मिले। इसके बाद अधिकारियों ने स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया। धमकी पाने वाले स्कूलों में लोधी एस्टेट का सरदार पटेल विद्यालय, रोहिणी का वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और मयूर विहार का सालवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं। दिल्ली फायर सर्विस की टीमें सूचना मिलते ही स्कूलों में पहुंचीं। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली करा दिया गया। अब तक की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, दमकल विभाग और पुलिसकर्मी जांच कर रहे हैं। कोलकाता भगदड़ में 2 और गिरफ्तार; दुर्गा पंडाल में हुए हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी कोलकाता भगदड़ मामले में शुक्रवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों ने दुर्गा पंडाल गिरने की अफवाह फैलाकर अफरा-तफरी मचाई थी। इसके बाद भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी। इन गिरफ्तारियों के साथ ही मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या 9 हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीब राहा और कुशल मजूमदार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच के लिए एक टीम गठित करेगी, जो भगदड़ के कारणों का पता लगाने के साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी। दिल्ली के छावला में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 1 की मौत, 3 घायल दिल्ली के छावला इलाके में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर शटरिंग हटाने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान मदन पंडित के रूप में हुई है। घटना के संबंध में पूरी जानकारी का इंतजार है। इससे पहले 26 जून को दिल्ली के मुंडका औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से 3 मजदूरों की मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान अरुण, संदीप और चांद के रूप में हुई थी। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रजीत नगर के रहने वाले थे। उनके शव सेप्टिक टैंक से बरामद किए गए थे। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर छत का हिस्सा गिरा, 2 यात्री घायल मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर छत का एक हिस्सा गिरने से 2 यात्री घायल हो गए। हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे बुकिंग हॉल के प्रवेश द्वार के पास हुआ। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के निर्माण कार्य के दौरान छत का हिस्सा गिरा। यह काम स्टेशन के पुनर्विकास प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है। रेलवे प्रवक्ता ने बताया कि घायलों की पहचान विनायक बालू हाटकर और अयान नौशाद मातवांकर के रूप में हुई है। हाटकर के सिर के दाईं ओर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें टांके लगाए गए। वहीं, मातवांकर की बाईं आंख की ऊपरी पलक, दाएं कंधे के पास और गर्दन पर चोट आई है। उनके दाएं टखने में भी दर्द और सूजन है। सिम बाइंडिंग नियम से जुड़ेंगे वॉट्सएप और टेलीग्राम एप, ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने नया नियम दूरसंचार विभाग (DOT) ने वॉट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप को केवाईसी सत्यापित सिम से अकाउंट जोड़ने के निर्देश दिए हैं। नए नियमों को लागू करने का मकसद ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकना है। बिना सिम के वाई-फाई से एप चलाने वाले यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं। DOT ने 28 नवंबर 2025 को निर्देश जारी किए थे। इधर वॉट्सएप वेब पर हर 6 घंटे में लॉगआउट की अनिवार्यता हटा दी गई है। नियमों के पालन की समय सीमा 31 दिसंबर बताई गई है। सिम बाइंडिंग एक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें मोबाइल नंबर की सिम को किसी ऐप से जोड़ा जाता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि ऐप का इस्तेमाल रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और अधिकृत सिम के जरिए ही हो। हैदराबाद में महिला से बदसलूकी के आरोप में DRDO कर्मचारी को मुक्का मारा, मौत हैदराबाद में महिला से बदसलूकी के आरोप पर पड़ोसी के मुक्का मारने से DRDO के 55 साल के कर्मचारी की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम चिक्कड़पल्ली इलाके की एक रिहायशी बिल्डिंग में हुई। पुलिस के मुताबिक, 23 साल की महिला ने कर्मचारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया था। इसकी जानकारी मिलने पर जिम ट्रेनर पड़ोसी ने कर्मचारी से बहस की और उसके चेहरे पर मुक्का मार दिया। इससे वह गिर पड़ा और उसके सिर में चोट लग गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर जिम ट्रेनर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, महिला की शिकायत पर मृतक के खिलाफ भी बदसलूकी का केस दर्ज हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।