बांसवाड़ा बड़ोदिया स्थित ग्लोबल बीएड कॉलेज में कम उपस्थिति की आड़ में विद्यार्थियों से घूस वसूलने का मामला सामने आया है। एसीबी ने शुक्रवार को कार्रवाई कर रसायन विज्ञान के अध्यापक भूपेंद्र जैन को सह परिवादी विद्यार्थी से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में मुख्य भूमिका सामने आने पर कॉलेज के निदेशक सिद्धांत जैन और राजनीति विज्ञान की व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया। एसीबी की बांसवाड़ा इकाई को शिकायत मिली थी कि उक्त कॉलेज में अध्ययनरत परिवादी और सह परिवादी विद्यार्थियों से उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने तथा इंटर्नशिप के रिलीविंग लेटर जारी करने के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन में सामने आया कि निदेशक सिद्धांत जैन, व्याख्याता सुनीता जैन और अध्यापक भूपेंद्र जैन प्रत्येक विद्यार्थी से 20 हजार रुपए मांग मांग रहे हैं। इस पर एसीबी के उदयपुर रेंज के प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में बांसवाड़ा एसीबी के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी सूत्रों के अनुसार कॉलेज में करीब 600 स्टूडेंट अध्ययनरत हैं। डायरेक्टर सिद्धांत जैन खुद कॉलेज का मालिक भी है। कॉलेज में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति को वसूली का जरिया बनाया जा रहा था। हाजिरी कम होने के बावजूद पूरे साल सहयोग करने और इंटर्नशिप का रिलीविंग लेटर देने के नाम पर विद्यार्थियों से 20-20 हजार रुपए मांगे जा रहे थे। कितने विद्यार्थियों से कुल कितनी राशि की मांगी गई, इसका खुलासा होना बाकी है।