डीग जिले के बृजनगर कस्बे में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर नगर थाना, डीएसटी और क्यूआरटी की संयुक्त टीम ने एक मकान में चल रहे सट्टे के कारोबार का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 6 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। मौके से 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 3 टैबलेट, एक प्रिंटर, दो कैलकुलेटर, हिसाब-किताब के दस्तावेज और 15,070 रुपए नकद मिले। पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने जिन 6 आरोपियों पर कार्रवाई की है, उनमें लक्ष्मण गुप्ता (45) पुत्र जगन गुप्ता (निवासी जाटव मोहल्ला बृजनगर, डीग), गोपाल प्रसाद (65) पुत्र हरीश चन्द्र शर्मा (निवासी मोरी मोहल्ला सैनी चौपाल बृजनगर, डीग), विष्णु (35) पुत्र गिर्राज (निवासी मीणा मोहल्ला गोविन्दगढ़, अलवर), जय प्रकाश (20) पुत्र ठाकुर सैनी (निवासी खोडकी रोड नगर, डीग), राजकुमार (27) पुत्र मुकेश कुमार (निवासी गौतम बुद्ध नगर धानोली, आगरा, यूपी) और सोम्य उर्फ छोटू (26) पुत्र राजू गुप्ता (निवासी बाखरगंज कोड़ा जहानाबाद, फतेहपुर, यूपी) शामिल हैं।