बूंदी के डाबी बरड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (कोटा-चित्तौड़ मार्ग) पर चमन चौराहे के पास सर्विस लाइन पर खड़े टैंकर और ओवरलोड भूसे से भरी ट्रॉलियां यातायात में बाधा डाल रही हैं। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। अंडरपास ब्रिज और सड़क निर्माण कार्य के कारण इस क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सर्विस लाइन से ही हो रही है, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग से स्थिति और बिगड़ रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सर्विस लाइन पर एक साथ 5-6 टैंकर खड़े हो जाते हैं। इससे अन्य वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और सामने से आने वाले यातायात का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है। सुबह के समय चमन चौराहे पर भीड़भाड़ अधिक रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाइवे निर्माण एजेंसी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अव्यवस्था को नहीं सुधारा गया, तो भविष्य में यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कंटेंट: शंकर सिंह, डाबी