पाली में डंपर और कार की टक्कर में डॉक्टर की मौत हो गई। वहीं एक डॉक्टर गंभीर घायल हो गए। हादसा टीपी नगर थाना इलाके के नया गांव रोड पर गुर्जर छात्रावास के पास गुरुवार रात करीब एक बजे हुआ। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ड्राइवर की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ASI ओमप्रकाश चौधरी ने बताया- गुर्जर छात्रावास के पास कार के साइड में चल रहे डंपर ने अचानक टर्न ले लिया। कार सवार डॉक्टर ने तुरंत ब्रेक लगाए। इसके बावजूद कार डंपर से टकरा गई। हादसे में कार चकनाचूर हो गई। पहले देखिए, हादसे की PHOTOS… डॉक्टर की मौके पर मौत हादसे में जालोर के दांता (सांचौर) निवासी 34 साल के डॉक्टर शैलेष विश्नोई पुत्र बाबूलाल विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे पाली के धिंगाणा (जैतपुर) निवासी 30 साल के डॉक्टर गौरवसिंह पुत्र देवीसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल डॉक्टर गौरवसिंह को शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में गहरी चोट आई है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने डॉक्टर शैलेष के शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। वहीं नया गांव एरिया से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे डंपर को जब्त कर लिया। एक ही हॉस्पिटल में कार्यरत थे दोनों डॉक्टर पाली के जन हॉस्पिटल में सेवा दे रहे थे। हॉस्पिटल के पीछे किराए के मकान में रहते थे। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों डॉक्टरों के परिजन पाली पहुंचे। नेपाल से किया था MBBS डॉक्टर शैलेष ने साल 2020-21 में नेपाल से MBBS की डिग्री ली थी। पिछले करीब चार साल से पाली में थे। पहले उन्होंने पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर के तौर पर सेवा दी थी। करीब 6 महीने पहले नया गांव रोड स्थित जन हॉस्पिटल जॉइन किया था। उनकी शादी साल 2012 में सांचौर के मालवाड़ा गांव निवासी रामेश्वरी देवी से हुई थी। उनका 13 साल का बेटा सुमित और 9 साल की बेटी सिमरन है। चचेरे भाई विकास ने बताया कि डॉक्टर शैलेष के पिता बाबूलाल विश्नोई रिटायर्ड टीचर हैं। मां बालीदेवी गृहिणी हैं। उनकी दो बड़ी बहन सुनीता और सुशीला हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पत्नी रामेश्वरी देवी को यकीन नहीं हो रहा कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।