खैरथल-तिजारा के एएसआई का ब्यावर में सड़क हादसे में निधन हो गया। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव पेहल में पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिले के मुंडावर उपखंड के पेहल गांव निवासी राकेश कुमार शर्मा (40) ब्यावर जिले के रास थाना क्षेत्र की ट्रंकड़ा पुलिस चौकी में एएसआई के पद पर तैनात थे। रास थाने के डीएसपी रमेंद्र सिंहा हाड़ा ने बताया- ट्रंकड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई राकेश कुमार शर्मा शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल से चौकी से रास थाना लौट रहे थे। इसी दौरान बलाड़ा-अमरपुरा सरहद के पास वे सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस से उन्हें जैतारण राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी ने बताया कि शव को जैतारण अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी गई। पोस्टमार्टम के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। आज पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दिवंगत एएसआई का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव पेहल लाया जाएगा, जहां पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम विदाई में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे। 5 दिन पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे मृतक के बड़े भाई सुरेश शर्मा ने बताया- राकेश शर्मा महज पांच दिन पहले ही छुट्टी बिताकर घर से ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार के साथ बिताए वे पल अब अंतिम यादें बनकर रह गए। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह उनकी आखिरी विदाई होगी। एक माह पहले मिली थी पदोन्नति राकेश कुमार शर्मा वर्ष 2006 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुए थे। करीब एक महीने पहले ही उन्हें हेड कॉन्स्टेबल से सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नति मिली थी। वे अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव के कारण विभाग और क्षेत्र में सम्मानित थे। राकेश शर्मा की शादी 2010 में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी, बेटा उमंग (14), जो कक्षा 9 का छात्र है और बेटी अंशिका (10), जो कक्षा 7 में पढ़ती है, हैं। छह भाइयों के परिवार में वे तीसरे नंबर पर थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।