कस्बे में बसस्टैंड से रटलाई रोड की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नई सीसी सड़क बनकर तैयार हो गई है। यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। जगह-जगह गड्ढे, उखड़े पत्थर और धूल-कीचड़ के कारण लोगों को रोजाना परेशानी होती थी। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती थी। इस रास्ते से रीछवा के साथ रटलाई, भालता और आसपास के गांवों के हजारों लोग रोज गुजरते हैं। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और मरीज इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। स्थानीय लोग वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। 14 मई 2026 को भास्कर में सड़क की खराब स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग ने करीब 39 लाख रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण शुरू कराया। अब सड़क पूरी तरह तैयार होने से आवागमन आसान हुआ है और धूल व गड्ढों से राहत मिली है। शिक्षक जुगल किशोर कश्यप ने कहा कि नई सड़क से विद्यार्थियों का आना-जाना सुरक्षित हुआ है। ग्राम विकास अधिकारी हरीश शर्मा के अनुसार, निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।