कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर में करवा चौथ पर गुरुवार को सुहागिनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रही हैं। शाम तक डेढ़ लाख से अधिक महिला श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज रहा है। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और चौथ माता ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। देशभर से दर्शन करने पहुंचती हैं महिलाएं कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर को चौथ माता के साथ गणेशजी विराजमान होने के कारण विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है। मंदिर में चौथ माता के बगल में गणेशजी की प्रतिमा स्थापित है। करवा चौथ पर यहां देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे हैं, तो कुछ कनक दंडवत करते हुए माता के दरबार में पहुंच रहे हैं। सुहागिनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना के साथ पूजा-अर्चना कर रही हैं। सिद्धि योग में पूजा-अर्चना का विशेष महत्व राष्ट्रीय संत मनीष दास महाराज ने बताया कि चौथ माता की विशेष पूजा-अर्चना से सुखी दांपत्य जीवन और सौभाग्य की कामना की जाती है। उन्होंने बताया कि इस बार सिद्धि योग भी बना है, जिसे परिवार में खुशहाली के लिए शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते करवा चौथ पर बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंच रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जाम से परेशानी मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन के साथ चौथ माता ट्रस्ट की ओर से भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि, श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही के कारण कस्बे के कई स्थानों पर बार-बार जाम लग रहा है। इससे स्थानीय लोगों और मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।