डूंगरपुर के लक्ष्मण मैदान में चल रही डीपीएल प्रीमियर लीग-3 में क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। इसी कड़ी में चिखली थंडर्स ने सागवाड़ा गोल्डन को 22 रन से हराकर अपनी जीत दर्ज की। इस लीग के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पहुंच रहे हैं। जिला क्रिकेट संघ सचिव सुशील जैन के अनुसार टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चिखली थंडर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। टीम के लिए विजय कंबोज ने 31 गेंदों में 61 रन की आक्रामक पारी खेली। डेविड सिंह ने 43 और महजीत सिंह ने 23 रन का योगदान दिया। सागवाड़ा गोल्डन की ओर से हर्षित डक और आभास श्रीमाली ने 2-2 विकेट लिए। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सागवाड़ा गोल्डन की टीम 149 रन पर ऑल आउट हो गई। राहुल खंडेलवाल ने 40 और करण देव ने 38 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। चिखली थंडर्स के हनुमान बेनीवाल और शौर्य शाह ने 3-3 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजय कंबोज को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मंगलवार को हुए एक अन्य मुकाबले में सागवाड़ा गोल्डन ने साबला स्पार्टन के खिलाफ 20 ओवर में 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गर्वित जैन ने 83 और प्रियांशु मीणा ने 81 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में, समाचार लिखे जाने तक साबला स्पार्टन ने 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 108 रन बना लिए थे और मैच का परिणाम प्रतीक्षित था।