डूंगरपुर| स्वच्छ भारत मिशन शहर के प्रदेश ब्रांड एंबेसडर और नगर परिषद डूंगरपुर के पूर्व सभापति केके गुप्ता ने कहा है कि डूंगरपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में शहर के बच्चों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। गुप्ता ने बताया कि उनके सभापति कार्यकाल के दौरान स्वच्छता महारैली का आयोजन किया गया था, जिसमें शहर के 22373 स्कूली बच्चों ने भागीदारी निभाई थी। उस समय में नियुक्त जल मित्र और वृक्ष मित्र ने भी सभी स्कूलों में जाकर बच्चों और शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई थी, इस नवाचार को फिर से शुरू करते हुए शहर की सभी सरकारी और निजी स्कूलों में जाकर स्वच्छता का संदेश व शपथ दिलाने के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से पत्र व्यवहार किया गया। इसके तहत शिक्षा अधिकारी ने शहर की समस्त सरकारी और निजी स्कूलों के संस्था प्रधान के नाम विभागीय पत्र जारी किया है। प्रार्थना सभा के पहले स्वच्छता का संदेश देंगे: शहर में स्वच्छता को धरातल पर उतारने के लिए शहर की स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों का भी योगदान है। स्वच्छ भारत मिशन (शहर) के अंतर्गत गठित एक दल द्वारा शहर की सभी सरकारी और निजी स्कूलों में जाकर प्रार्थना सभा के पहले स्वच्छता का संदेश देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। स्वच्छता दल में गिरीश पानेरी, विजय जैन, राजेश डेंडु, चिराग व्यास और कपिल भट्ट सदस्य हैं।