झालावाड़| शहर के गोपालपुरा स्थित सेंट जोसेफ इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षित आवागमन से जुड़े नियमों की जानकारी दी। उपनिरीक्षक हेमराज ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी अपील की। हेमराज ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इससे अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने को कहा। विद्यालय की प्राचार्या कृतिका अत्रे ने कार्यक्रम को उपयोगी बताया। अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यातायात विभाग से हैड कांस्टेबल राजेंद्र यादव, कांस्टेबल हिमांशु, मैहराम एवं हेमराज उपस्थित रहे।