महिला आरक्षण संशोधन बिल के लागू होने से पहले बीजेपी के ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ को लेकर नागर की पूर्व विधायक अनीता गुर्जर रविवार को चित्तौड़गढ़ पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह बिल देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और इसके लागू होने से विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी इस अभियान के जरिए महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का काम करेगी, ताकि वे अपने अधिकारों को समझते हुए राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकें। 1995 के आरक्षण से शुरू हुआ अनीता गुर्जर ने कहा कि साल 1995 में जब पंचायती राज और नगर पालिकाओं में पहली बार महिलाओं को आरक्षण दिया गया था, तब महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना एक बड़ी चुनौती थी। उस समय महिलाओं को न तो पर्याप्त अवसर मिलते थे और न ही उन्हें आगे बढ़ने का माहौल मिलता था, लेकिन 1995 से लेकर 2026 तक के सफर में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आज महिलाएं राजनीति में बेहतर काम कर रही हैं और अपनी जिम्मेदारियों को अच्छे तरीके से निभा रही हैं। बेटियों की पढ़ाई में आया बड़ा बदलाव उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन आरक्षण के बाद लोगों की सोच बदली और शिक्षा को महत्व मिला। आज लड़कियां पढ़ाई में आगे हैं और 10वीं-12वीं के रिजल्ट में उनका प्रदर्शन शानदार रहता है। कई बार टॉप रैंक भी लड़कियों के नाम होती है, जो समाज में आए सकारात्मक बदलाव को दिखाता है। नीट-जेईई में भी बेटियों का बढ़ता दबदबा अनीता गुर्जर ने कहा कि अब लड़कियां केवल स्कूल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि अवसर मिलने पर महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। महिला आरक्षण से विकास के मुद्दों पर मिलेगा बेहतर समाधान उन्होंने कहा कि जब विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण मिलेगा, तो देश के विकास को नई दिशा मिलेगी। महिलाएं समस्याओं को बहुत बारीकी से समझती हैं और स्वास्थ्य, पोषण, सड़क सुरक्षा और जल जैसे विषयों पर बेहतर काम कर सकती हैं, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा होगा। 13 से 18 अप्रैल तक होंगे कार्यक्रम इस दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, बीजेपी जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा, जिला महामंत्री मंजू पितलिया, पिंकी सोमानी, पूर्व भदेसर मंडल अध्यक्ष सीमा जागेटिया, रेनू मिश्रा, महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रुद, मीडिया प्रभारी सुधीर जैन और मनोज पारीक भी मौजूद रहे। वीणा दशोरा ने बताया कि 13 से 18 अप्रैल तक अभियान के तहत साप्ताहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला सम्मेलन और रैली जैसे आयोजन होंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस अभियान से जोड़ा जा सके।