चित्तौड़गढ़ में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को 5 पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों में मतदान शाम 6 बजे संपन्न हुआ। जिले में औसतन 82.19% मतदान हुआ। भदेसर पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 84.37% और चित्तौड़गढ़ में सबसे कम 80.27% मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले जारी आंकड़ों में औसत मतदान 77.95% था। भदेसर पंचायत समिति की पंचदेवला ग्राम पंचायत से नारायण भील पुत्र बालूराम भील निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए। इस दौरान चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की बस्सी ग्राम पंचायत में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसमें पूर्व बीजेपी बस्सी मंडल अध्यक्ष गोपाल चौबे ने एक प्रत्याशी के प्रतिनिधि रतनलाल जागेटिया पर हमला करवाने का आरोप लगाया। वहीं, भूपालसागर पंचायत समिति के एक मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग की अफवाह के बाद ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। बाद में मामला शांत हुआ। भदेसर के नपानिया में दुबई से आए युवाओं ने मतदान किया। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद अगले दिन वापस दुबई रवाना हो जाएंगे। वार्ड पंच के लिए दोबारा होगा मतदान राशमी पंचायत समिति की अड़ाना ग्राम पंचायत के वार्ड 3 में पंच पद के लिए 16 नवंबर को पुनर्मतदान होगा। मतपत्र में एक प्रत्याशी का नाम नहीं होने के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने इसके आदेश जारी किए हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अड़ाना में होगा। 17 नवंबर को सुबह 10 बजे इसी स्थान पर उपसरपंच पद का चुनाव कराया जाएगा। सरपंच के लिए 1125 प्रत्याशी मैदान में थे इस चरण में 1125 सरपंच और 1217 वार्ड पंच पदों के लिए उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के 82 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। जिले की चित्तौड़गढ़, भदेसर, कपासन, भूपालसागर और राशमी पंचायत समितियों के 4 लाख 60 हजार 231 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 2 लाख 28 हजार 605 पुरुष, 2 लाख 31 हजार 620 महिला और 6 अन्य मतदाता शामिल हैं। पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत पंचायत समिति वार मतदाता और मतदान केंद्र लिंग के आधार पर मतदाता