चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायत राज चुनाव की प्रक्रिया अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। सोमवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले ही दिन जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने अपना खाता खोल दिया। बड़ी सादड़ी के वार्ड संख्या 27 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चंद्र मीणा ने नामांकन दाखिल किया।वहीं पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ में शाम तक एक भी नामांकन जमा नहीं हुआ। पहले दिन जिला परिषद के लिए 84 और पंचायत समिति के लिए 34 लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन जारी है। पहले दिन जिला परिषद में एक नामांकन, 84 लोगों ने लिए फॉर्म जिला परिषद सदस्य पद के लिए जिले में कुल 35 वार्ड हैं। अधिसूचना जारी होने के साथ ही कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिनभर दावेदारों की आवाजाही बनी रही। पहले दिन बड़ी सादड़ी के वार्ड संख्या 27 से कांग्रेस के प्रकाश चंद्र मीणा ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही जिला परिषद चुनाव में पहला नामांकन दर्ज हो गया। हालांकि नामांकन की संख्या अभी कम रही, लेकिन रुचि काफी ज्यादा दिखाई दी। कलेक्ट्रेट से दिनभर में कुल 84 नामांकन फॉर्म लिए गए। इससे माना जा रहा है कि अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदार अब अंतिम रणनीति बनाने में जुट गए हैं और अगले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल हो सकते हैं। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में पहले दिन नहीं आया कोई नामांकन पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के सदस्य पद के लिए भी सोमवार से नामांकन शुरू हो गए। यहां वार्ड संख्या 1 से 29 तक के लिए दोपहर 3 बजे तक एक भी नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं हुआ। हालांकि चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों की कमी नहीं दिखी। दिनभर में कुल 34 लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए। इससे साफ है कि अधिकांश दावेदार अभी अपने समर्थकों और राजनीतिक समीकरणों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। कई संभावित उम्मीदवार आखिरी दिनों में शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। अब बढ़ेगी चुनावी हलचल, दावेदारों की नजर अगले कुछ दिनों पर नामांकन के पहले दिन का रुझान बताता है कि फिलहाल दावेदार फॉर्म लेने और तैयारी पूरी करने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। जिला परिषद में कांग्रेस की ओर से पहला नामांकन आने के बाद राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं। अब सभी की नजर अगले कुछ दिनों पर रहेगी, जब अलग-अलग वार्डों से प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ ही निर्दलीय उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल करेंगे। इसके बाद पंचायत राज चुनाव में तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगेगी और वार्ड स्तर पर चुनावी मुकाबले का पूरा स्वरूप सामने आने लगेगा। नामों पर मंथन जारी, दोनों दलों की नजर मजबूत उम्मीदवारों पर जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल उम्मीदवारों के चयन में जुटे हैं। दोनों पार्टियां ऐसे चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी कर रही हैं, जिनकी अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ हो और जीत की संभावना ज्यादा हो। भाजपा की ओर से सोमवार को उदयपुर में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। हालांकि अभी किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है और कई वार्डों में मंथन जारी है। वहीं कांग्रेस भी अपने स्तर पर लगातार बैठकों और स्थानीय नेताओं से फीडबैक लेकर उम्मीदवारों के नाम तय करने में लगी है। माना जा रहा है कि नामांकन की रफ्तार बढ़ने के साथ ही दोनों दल जल्द अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे, जिसके बाद पंचायत चुनाव का राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा।