चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने पंचायत समिति के 29 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। बीजेपी ने इस बार संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर सक्रिय चेहरों को भी चुनावी मैदान में मौका दिया है। सूची में बस्सी मंडल अध्यक्ष भंवरसिंह खरडी बावड़ी और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भरत मेनारिया को भी वार्ड सदस्य पद के लिए टिकट दिया गया है। हालांकि पार्टी ने सभी वार्डों में स्थानीय समीकरणों और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन किया है। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति प्रधान की सीट इस बार अनारक्षित ओपन वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में पंचायत समिति सदस्य चुनाव के साथ ही प्रधान पद की दौड़ को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अलग-अलग वार्डों से चुने जाने वाले सदस्यों की भूमिका प्रधान चयन में अहम रहेगी। बीजेपी प्रतिनिधि मंडल की ओर से पार्टी प्रत्याशियों के सिंबल एसडीएम दिलीप सिंह को सौंपे गए। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया में पार्टी की औपचारिक भागीदारी पूरी हो गई। अब प्रत्याशी मैदान में उतरकर जनसंपर्क और प्रचार अभियान को आगे बढ़ाएंगे। पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। आने वाले दिनों में नामांकन और चुनाव प्रचार के साथ राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। देखिए पूरी लिस्ट