चित्तौड़गढ़ में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और बढ़ती उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शनिवार को जिले के लिए मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार जिले में 16 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 13 और 14 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन मौसम लगातार बदलता रहेगा। ऐसे में लोगों को तेज धूप, बादल, हवा और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। शुक्रवार रात बदला मौसम, लेकिन बढ़ गई उमस बारिश की शुरुआत के संकेत शुक्रवार रात ही दिखाई देने लगे थे। रात के समय जिले में तेज हवाएं चलीं और कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन इससे मौसम पूरी तरह बदल गया। बूंदाबांदी के बाद हवा में नमी बढ़ गई, जिससे दिन और रात दोनों समय उमस ज्यादा महसूस होने लगी। लोगों को उम्मीद थी कि बूंदाबांदी से गर्मी कम होगी, लेकिन इसके उलट चिपचिपी गर्मी बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश का मुख्य दौर शुरू होने से पहले इस तरह की स्थिति अक्सर बनती है। दो दिन में बढ़ा तापमान, गर्मी का असर भी तेज पिछले दो दिनों के तापमान पर नजर डालें तो उसमें भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 48 घंटे के आंकड़ों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन और रात दोनों के तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। तापमान बढ़ने के साथ हवा में नमी भी ज्यादा रही, जिससे उमस लगातार बनी हुई है। यही वजह है कि लोगों को गर्मी पहले से ज्यादा महसूस हो रही है। बारिश के साथ बिजली गिरने का भी खतरा, सतर्क रहने की जरूरत आज शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने सिर्फ बारिश ही नहीं बल्कि मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को भी मौसम का अपडेट देखकर ही अपने काम की योजना बनाने की सलाह दी गई है। अगर अनुमान के मुताबिक अगले चार दिनों में अच्छी बारिश होती है तो जिले में गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। साथ ही खेतों में नमी बढ़ेगी और जल स्रोतों को भी फायदा मिलेगा। फिलहाल मौसम विभाग का पूरा फोकस 13 और 14 सितंबर पर है, जब जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।