बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडे रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में नजर आए। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म 'हाउसफुल' के लोकप्रिय किरदार ‘आखिरी पास्ता’ का जिक्र करते हुए कहा- आखिरी पास्ता ऑन जयपुर का रास्ता। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आया। चंकी पांडे अजमेर में होने वाले डांडिया इवेंट में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचे थे। इस दौरान एयरपोर्ट पर आयोजकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद चंकी पांडे सड़क रास्ते से अजमेर के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर मौजूद पैपराजी को देखकर भी चंकी पांडे ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- जयपुर में भी पैप्स हैं, यह तो खुशी की बात है। इस पर आयोजकों ने कहा- अब तो हर जगह पैपराजी नजर आने लगे हैं और यह अच्छी बात है। 'आखिरी पास्ता' के अंदाज में जयपुर पहुंचे चंकी चंकी पांडे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने लंबे करियर में कॉमेडी से लेकर गंभीर भूमिकाओं तक में काम किया है। हालांकि नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच उन्हें खास पहचान 'हाउसफुल' फ्रेंचाइजी के ‘आखिरी पास्ता’ के किरदार से मिली। इस किरदार का बोलने का अंदाज, विदेशी लहजे की नकल और हास्यपूर्ण संवाद दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे हैं। चंकी पांडे पहले भी कई बार जयपुर आ चुके हैं। वे राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में बतौर होस्ट भी नजर आ चुके हैं। ऐसे में शहर से उनका परिचय नया नहीं है। 'तेजाब' से मिली पहचान, 'आंखें' और 'हाउसफुल' से बढ़ी लोकप्रियता चंकी पांडे ने 80 के दशक में हिंदी फिल्मों में करियर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में 'आग ही आग' और 'पाप की दुनिया' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म 'तेजाब' से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई व्यावसायिक फिल्मों में काम किया और अपनी अलग स्क्रीन प्रेजेंस बनाई। वर्ष 1993 में आई गोविंदा और चंकी पांडे की फिल्म 'आंखें' भी उनके करियर की चर्चित फिल्मों में शामिल रही। फिल्म के गाने और कॉमेडी ने दर्शकों के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की। चंकी पांडे ने करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। समय के साथ सहायक भूमिकाओं तथा कॉमेडी में भी मजबूत जगह बनाई। 'हाउसफुल' सीरीज में ‘आखिरी पास्ता’ के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों से जोड़ा। कुशा कपिला भी जयपुर एयरपोर्ट पर आईं नजर जयपुर में इंटरनेट स्टार और अभिनेत्री कुशा कपिला भी शनिवार को आई थीं। वे एक दिन जयपुर में रुकने के बाद मुंबई के लिए वापस रविवार को रवाना हो गईं। सोशल मीडिया पर अपने कॉमिक किरदारों और बेबाक अंदाज के कारण लोकप्रिय हुईं कुशा ने डिजिटल कंटेंट से शुरुआत कर मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई है। वह 'घोस्ट स्टोरीज', 'मसाबा मसाबा', 'प्लान ए प्लान बी', 'सेल्फी', 'सुखी' और 'थैंक यू फॉर कमिंग' जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। वेब सीरीज 'मामला लीगल है' में भी उन्होंने अभिनय किया है।