चूरू के बागला खेल मैदान में मंगलवार को दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम हुआ। नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने 'जय श्रीराम' के जयकारे लगाए और बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि दशहरा पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। यह हमें अपने अंदर की बुराइयों और अहंकार को खत्म करने का संदेश देता है। सभापति विनय गोयनका ने इसे भारतीय संस्कृति का अहम पर्व बताया, जो अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि परिषद हर साल रावण दहन का आयोजन करती है। इस साल भी परंपरा के अनुसार कार्यक्रम हुआ। उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया, विमला गढवाल, सुरेश सारस्वत, दीनदयाल सैनी, धर्मेन्द्र राकसिया, आकाश सैनी, रजत शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और शहरवासी मौजूद थे।