नवनियुक्त थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने गुरुवार दोपहर चूरू कोतवाली पुलिस थाने का कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। खिड़िया ने कहा कि क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सीआई गौरव खिड़िया ने अपनी आगामी कार्य योजना के मुख्य बिंदुओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन पर शिकंजा कसा जाएगा। थानाधिकारी ने यह भी कहा कि रात के समय तेज रफ्तार में वाहन चलाने, स्टंट करने और शोर मचाकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खिड़िया ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हर फरियादी को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय प्रदान किया जाएगा, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।