बांसवाड़ा। धामनिया स्थित डंपिंग यार्ड से नियमित कचरा उठाव नहीं होने और इससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैलने की शिकायतों के बीच कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव सोमवार को डंपिंग यार्ड पहुंचे। यहां बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने पर कलेक्टर ने इसकी वजह पूछी। इस पर कर्मचारियों ने बताया कि बीच में मशीन का बेल्ट टूट जाने और होली के दिनों में कचरा जमा हो गया था, लेकिन अब दोबारा से कचरा उठाव तेज कर दिया है। इस पर कलेक्टर ने नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौजूद अधिकारियों से कार्य में सुधार लाने और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने को भी कहा। उन्होंने यार्ड की चारदिवारी के कार्य को जल्द पूरा करके सेंटर के बाहर रोड साइड पर पौधरोपण करने का भी सुझाव दिया। निरीक्षण के दौरान नगरपरिषद के अधिकारियों ने बताया कि नियमित डोर टू डोर कचरा का संग्रहण कर कचरें का प्रोसेंसिंग किया जाता है और प्रोसेसिंग के बाद के आरडीएफ को वंडर फैक्ट्री द्वारा ले जाया जाता है। इस दौरान नगरपरिषद के सहायक अभियन्ता संजय फिलीप और मुकेश मधु मौजूद थे।