कोटा शहर के उद्योग नगर थाने में तैनात एक कांस्टेबल को लगातार गैरहाजिर रहने के चलते सस्पेंड कर दिया गया है। सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल मनीष चौधरी को सोमवार को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल पिछले डेढ़ से दो महीने से बिना सूचना के ड्यूटी से गायब था और उसने विभाग को इसकी कोई जानकारी भी नहीं दी। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया की लंबे समय से अनुपस्थित रहने और अनुशासनहीनता के चलते यह सख्त कार्रवाई की गई है। कांस्टेबल मनीष चौधरी को आईजी ऑफिस में पेश होने के निर्देश दिए गए थे, उद्योग नगर थाने से रिलीव हो गया लेकिन वह वहां भी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद वह उद्योग नगर थाने में भी वापस ड्यूटी पर नहीं लौटा। मामले की जांच डीएसपी रुद्रप्रकाश शर्मा को सौंपी गई है। देर रात 1 बजे आमद कराने पहुंचा कांस्टेबल जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल मनीष चौधरी को 24 फरवरी को कोटा रेंज आईजी ऑफिस में पेश होने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह वहां भी उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद वह उद्योग नगर थाने में भी वापस ड्यूटी पर नहीं लौटा। करीब दो महीने तक उसकी गैरहाजिरी बनी रही, जिससे विभाग में गंभीरता से मामला लिया गया। इधर, सस्पेंशन की सूचना मिलने के बाद कांस्टेबल देर रात करीब 1 बजे उद्योग नगर थाने पहुंचा और अपनी आमद दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने उसकी आमद लेने से इनकार कर दिया। डीएसपी रुद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि कांस्टेबल इस दौरान कहां था, उसने ड्यूटी क्यों जॉइन नहीं की और आईजी ऑफिस में पेश क्यों नहीं हुआ। पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।