प्रदेश के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिकायतों का निपटारा अब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से होगा। इसके लिए जयपुर की 250 सहित प्रदेश की सभी स्कूलों में प्राधिकरण की तरफ से कोर्ट वाली दीदी नाम से बॉक्स रखा जा रहा है। इसमें स्टूडेंट्स अपनी साइबर अपराध की शिकायतें लिखकर डाल सकेंगे। शिकायतें सीधे संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पास पहुंचेंगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर जिला के सचिव पवन जिनवाल ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा राजस्थान के युवाओं को सशक्त बनाने हेतु ‘एक विधिक साक्षरता पहल’ अभियान चलाया जा रहा है। स्टूडेंट की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। 1400 न्यायिक अफसर आज 4 लाख बच्चों को बताएंगे फ्रॉड से कैसे बचें रालसा हर मंगलवार ट्रांसफार्मेटिव ट्यूसडे अभियान चलाएगा। प्रदेश के 1400 न्यायिक अफसर सरकारी स्कूलों में मंगलवार सुबह 7.30 से 9 बजे तक कक्षा 8वीं से 12वीं तक के 4 लाख से ज्यादा बच्चों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देंगे। अभियान दस महीने तक चलेगा।