छीपाबड़ौद| क्षेत्र में रबी फसल की शुरुआत के साथ ही खाद की उपलब्धता नहीं हो पाने के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि खाद और टोकन प्राप्त करने के लिए शनिवार को सवेरे से ही किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। खाद की कमी के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय मार्केटिंग सोसायटी में डीएपी व अन्य रासायनिक खाद आने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में किसान वहां पहुंच गए। खाद पाने की होड़ में वितरण केंद्रों पर भारी भीड़ जमा हो गई।, जिससे कई बार अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसानों को अपनी बारी के लिए घंटों तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी कई किसानों को बिना खाद के ही मायूस होकर वापिस घरों को लौटना पड़ रहा है। बढ़ती भीड़ और अनियंत्रित होती स्थिति को संभालने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं, किसानों की इस गंभीर परेशानी और खाद संकट को लेकर राजनीति से जुड़े लोगों ने भी खामोशी साथ रखी हैं।