सवाई माधोपुर की साइबर थाना पुलिस ने वॉट्सऐप पर पीएम किसान योजना के नाम से भेजी गई फर्जी एपीके फाइल के जरिए हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में कार्रवाई की है। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित गोविंद शर्मा के खाते में 4,999 रुपए की राशि वापस दिलवाई है। यह कार्रवाई एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन व एएसपी विजय सिंह डीएसपी साइबर जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में की गई। साइबर थाना प्रभरी जयप्रकाश अटल ने बताया- साइबर ठगी के शिकार गोविंद शर्मा निवासी कुंडेरा, जिला सवाई माधोपुर ने 4 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके वॉट्सऐप पर पीएम किसान योजना के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई। जैसे ही उसने उस फाइल पर क्लिक किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और अज्ञात साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 4,999 रुपए निकाल लिए। शिकायत मिलते ही साइबर थाना टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से संपर्क किया। संदिग्ध खाते में ट्रांसफर हुई राशि को समय रहते होल्ड कराया गया। इसके बाद मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल पोर्टल के माध्यम से पूरी राशि पीड़ित के पंजाब नेशनल बैंक खाते में वापस रिफंड करवा दी गई। वॉट्सऐप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सर्तकता बरते पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वॉट्सऐप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध संदेश को डाउनलोड अथवा ओपन न करें। किसी भी सरकारी योजना से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी माध्यमों से ही प्राप्त करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई कर ठगी गई राशि वापस दिलाई जा सके।