नेतेवाला क्षेत्र में जीजी नहर में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार माली के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को देर रात साइकिल से खेत की रखवाली के लिए निकला था। पुलिस के अनुसार राजेंद्र कुमार जीजी नहर की पटरी से गुजर रहा था। सामने पशुओं का झुंड आ गया। साइकिल मोड़ते समय संतुलन बिगड़ा, जिससे वह साइकिल सहित नहर में गिर गया। नहर में लगी ईंटों से सिर टकराने से वह घायल हो गया। इसके बाद वह पानी में मुंह के बल गिरा रहा। रातभर वहीं पड़ा रहने से उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह नहर की तरफ गए ग्रामीणों ने शव देखा। चौधरी अमिताभ खैरवा और विकास झाझड़िया ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। हेड कांस्टेबल प्रमोद चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव और साइकिल बाहर निकलवाई। राजकीय चिकित्सालय श्रीगंगानगर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई राजकुमार माली की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। राजेंद्र कुमार के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। गांव में शोक का माहौल है।