दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण स्लीपर बस अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद पुलिस-प्रशासन लगातार एक्शन ले रहा है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर लग्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि एआईएस-119, मोटर वाहन अधिनियम-1988 तथा राज्य सरकार की एसओपी-2024 की पालना कराने के लिए एक्सप्रेस-वे के भाण्डारेज इंटरचेंज के पास नेशनल हाईवे पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। 4 स्लीपर बसों के चालान बनाए जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। कई बसों में निर्धारित मानकों से अधिक आकार, अग्निशमन यंत्रों का अभाव, पर्याप्त आपातकालीन निकास द्वार नहीं होना तथा अन्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए 4 लग्जरी-स्लीपर बसों को जब्त किया गया तथा चालान भी बनाए गए। सचिव संतोष अग्रवाल ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना तथा लग्जरी एवं स्लीपर बसों में अनधिकृत संरचनात्मक बदलाव और यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाना है। अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।