दौसा में दिवाली से पहले आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभाग की टीम ने लालसोट रोड स्थित श्रीगोविन्द गजक भंडार की निर्माण इकाई पर कार्रवाई करते हुए 1348 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल सीज किया। मौके से तेल का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों की निर्माण इकाइयों का निरीक्षण सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त और कलेक्टर के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य पदार्थों की निर्माण इकाइयों, प्रोसेसिंग यूनिट, थोक विक्रेताओं और वितरक फर्मों का निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के दौरान दूध और दूध से बनी मिठाइयों, मावा, घी, तेल, नमकीन और मसालों सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है। खाद्य कारोबारियों को दिए निर्देश सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर नहीं रखने और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस दुकान पर ही रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी, मीना सिंगल और सुमित्रा जाट भी मौजूद रहे।