दौसा जिला परिषद की सामाजिक सेवाएं एवं सामाजिक न्याय समिति की चेयरमैन नीलम गुर्जर ने दौसा ब्लॉक में गुरुवार को कई स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कर्मचारी अनुपस्थित मिलने, दवाइयों की कमी और सफाई व्यवस्था में खामियां सामने आईं। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण में अतिरिक्त विकास अधिकारी रेवड़मल मीणा भी मौजूद रहे। इन स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण चेयरमैन नीलम गुर्जर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदराना, बापी, तीतरवाडा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंथल और कुंडल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी। बापी में कर्मचारी अनुपस्थित, दवाइयों की कमी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बापी में निरीक्षण के दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं कैल्शियम सहित कुछ जरूरी दवाइयों की कमी भी सामने आई, जिस पर चेयरमैन ने नाराजगी जताई। वार्ड और लेबर रूम में गंदगी चांदराना और तीतरवाडा के वार्ड रूम में गंदगी मिलने पर उन्होंने तुरंत सफाई के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएचसी सैंथल और तीतरवाडा के लेबर रूम में भी गंदगी मिली, जिस पर जिम्मेदारों को चेतावनी दी गई। स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के निर्देश निरीक्षण के दौरान चेयरमैन नीलम गुर्जर ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। पहला सुख निरोगी काया के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।