जिले में आगामी पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए दौसा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को पुलिस लाइन में करीब 100 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और ड्रोन संचालन की ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग का उद्देश्य चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार करना है। एसपी कुन्दन कंवरिया एवं एएसपी शंकरलाल मीणा के निर्देशानुसार आयोजित ट्रेनिंग कार्यक्रम में एएसपी लालसोट, डिप्टी एसपी नांगल, महवा एवं दौसा सिटी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। इनमें एसपी ऑफिस, मेहंदीपुर बालाजी एवं झांपदा थाने और पुलिस लाइन के पुलिस निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल रहे। अधिकारियों और जवानों को दी ट्रेनिंग ट्रेनिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को बलवा परेड, भीड़ नियंत्रण और उपद्रव की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तरीके बताए गए। इसके साथ ही बलवा नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों, गैस गन, ग्रेनेड, गैस सेल और वज्र वाहन में उपयोग होने वाले उपकरणों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। ट्रेनिंग का उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है। ड्रोन से होगी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी एसपी कुन्दन कंवरिया ने बताया कि चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस लाइन में ट्रेनिंग ड्रोन टीम के जवानों द्वारा ड्रोन संचालन का अभ्यास किया जा रहा है। इसके माध्यम से हवाई निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार पुलिस की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चुनाव तक जारी रहेगी ट्रेनिंग पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का प्रशिक्षण आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत पुलिस बल को बलवा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आधुनिक उपकरणों के उपयोग और तकनीकी निगरानी के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य आगामी पंचायतीराज चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।