डीडवाना कुचामन जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने शुक्रवार को नावां का दौरा कर विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपखंड ऑफिस, तहसील परिसर और पंचायत समिति कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयों में संचालित कार्यप्रणाली को परखा तथा पत्रावलियों की जांच कर लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने उपखण्ड नावां के समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों की प्रगति, जनसमस्याओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर अवदेश मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। दौरे के दौरान कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं।