डीग जिले में कैथवाड़ा थाना क्षेत्र में 2 डेयरी प्लांटों पर छापेमारी के दौरान करीब 1800 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार यहां सोयाबीन तेल, पामोलिन और एसएमपी पाउडर के मिश्रण से मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा था। तैयार माल की सप्लाई दिल्ली और हरियाणा समेत दूसरे राज्यों में की जाती थी। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशन में पुलिस, डीएसटी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली टीम गांव जाजमका में मकसूद की डेयरी पर पहुंची। यहां से करीब 1600 किलो मिलावटी पनीर और पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। मौके से साहिल पुत्र इस्लाम निवासी गढ़ी झीलपट्टी को गिरफ्तार किया गया। 2 कार्रवाई में 2 आरोपी गिरफ्तार दूसरी कार्रवाई मांची धर्मशाला के जंगल में धर्मशाला के पास अयूब की डेयरी पर हुई। यहां करीब 200 किलो पनीर के अलावा 18 कट्टे एसएमपी पाउडर, 3 कट्टे मशीन क्लीनिंग पाउडर, 11 पीपे पामोलिन ऑयल और 2 पीपे सोयाबीन ऑयल बरामद किए गए। पुलिस ने अल्ली उर्फ अलीजान पुत्र सुभा निवासी ओलंदा को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त किया। दो-तीन दिन में तैयार होता था माल पुलिस के मुताबिक, डेयरी संचालक दो-तीन दिन में माल तैयार कर दूसरे राज्यों में बेचने के लिए भेजते थे। दोनों स्थानों से मिले पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए और करीब 1800 किलो पनीर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से नष्ट कराया गया। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।