डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने पहाड़ी उपखंड के नवीन पंचायत भवन खेड़लीमन्ना में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में कुल 21 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें विद्युत आपूर्ति की अवधि बढ़ाने, खातेदारी भूमि को जोतने के लिए पाबंद करने, पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने, नवीन विद्युत कनेक्शन जारी करने, सड़क निर्माण और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग जैसे मामले शामिल थे। रात्रि चौपाल में उमड़े लोग इसके अलावा ग्रामीणों ने घरेलू मार्गों की उपलब्धता, अवैध शराब की बिक्री पर रोक, आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार, ओवरलोड वाहनों की रोकथाम, विद्यालयों में नामांकन, विद्युत बिलों की विसंगतियां, पेयजल संकट का समाधान, पीएम आवास योजना का लाभ और दिव्यांगों को स्कूटी उपलब्ध कराने जैसे परिवाद भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों पर विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलापूर्ति की ली विस्तृत जानकारी कलेक्टर ने क्षेत्र में पेयजल की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने वर्तमान में संचालित हैंडपंपों की क्रियाशीलता और टैंकरों से की जा रही जलापूर्ति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ब्लॉक की आंगनबाड़ियों में शौचालय, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को गति देने के लिए शिक्षा विभाग से बालिकाओं की सूची प्राप्त कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सड़कों के डामरीकरण जैसे मामलों में भी अधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।