डीग जिला पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए पुनीत लाखा पुत्र जितेंद्र लाखा को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के पश्चिमी विहार क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथियों पर एक्सिस बैंक का लोगो और पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ठगने का आरोप है। गिरोह के सदस्य बैंक अधिकारी बनकर ग्राहकों को फोन करते थे और उन्हें फर्जी लिंक या वेबसाइट भेजकर क्रेडिट कार्ड लिमिट, एक्सपायरी डेट, सीवीवी, जन्मतिथि, ओटीपी, पैन नंबर, माता-पिता के नाम, जीमेल आईडी और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद इस जानकारी का गलत इस्तेमाल कर ग्राहकों के बैंक खातों से अवैध लेनदेन किया जाता था। जांच में सामने आया कि पुनीत लाखा एक्सिस बैंक का कर्मचारी नहीं था। पुलिस के मुताबिक बैंक का कनेक्टर कोड और वेब लिंक अनधिकृत रूप से सोनाली मित्तल को उपलब्ध कराए गए, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया। इस मामले में पुलिस पहले ही फर्जी कॉल सेंटर संचालक सोनाली मित्तल सहित कुल 65 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। उस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 88 मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए थे। जब्त मोबाइल फोन में फर्जी एक्सिस बैंक आईडी कार्ड, ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी और बातचीत के स्क्रीनशॉट भी मिले थे। अब पुनीत लाखा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस टीम में साइबर क्राइम थाना डीग के उपाधीक्षक विरेंद्रपाल, बच्छूसिंह, अमर सिंह, तारा सिंह, अनिल कुमार और नरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।