साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत जुरहरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर की गई। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि जुरहरा से जुरहरी जाने वाले रास्ते पर स्थित एक प्लॉटिंग में तीन व्यक्ति बैठकर साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके से तौफीक पुत्र जागरूप (25), निवासी गांव पाई; आफिल पुत्र साबदीन (24), निवासी बड़ी मस्जिद के पास, मेव मोहल्ला, जुरहरा; और नदीम पुत्र इस्माइल (23), निवासी कुरैशी मोहल्ला, जुरहरा, जिला डीग को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी नाम से अकाउंट बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे ओएलएक्स, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। इस संबंध में जुरहरा थाने में प्रकरण संख्या 386/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।