दीपावली से पहले डीग पुलिस ने अवैध पटाखे बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मेला मैदान से पटाखों के दो कार्टन और पांच प्लास्टिक कट्टे जब्त किए, जिनमें अनार, चकरी, रॉकेट और फायर शॉट भरे हुए थे। गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डीग कस्बे के मेला मैदान में दो लोग अवैध रूप से पटाखे बेच रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर कार्टन और प्लास्टिक कट्टे रखकर पटाखे बेचे जा रहे थे। पुलिस ने पवन कुमार पुत्र जगनारायण, निवासी राजा मान सिंह समाधि के पीछे, डीग और गोविंद कुमार पुत्र निरंजन, निवासी मोरी मोहल्ला, डीग को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से अलग-अलग किस्म के पटाखे मिले। इनमें अनार, चकरी, रॉकेट, फायर शॉट और अन्य पटाखे शामिल हैं। पुलिस ने दोनों से पटाखों की बिक्री और भंडारण का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे इसे पेश नहीं कर सके। पुलिस ने कहा कि रिहायशी और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर पटाखे रखना और बेचना लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 और 9बी और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत जांच शुरू की गई है। कार्रवाई में डीग थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) के सदस्य शामिल थे।