डीग के कैथवाड़ा में साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। कैथवाड़ा थाना पुलिस और जिला डीएसटी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। यह गिरोह लोगों को सस्ते कपड़े और फर्जी होटल बुकिंग का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड, एक चेकबुक और एक एटीएम कार्ड जब्त किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऑनलाइन लेनदेन के जरिए 6 शिकायतों में कुल 71,183 रुपए की ठगी की है। पुलिस अब इन शिकायतों के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैथवाड़ा थाना क्षेत्र के खेड़ा निवासी शाहजहाद (25) और अमुआर गढ़ी निवासी असमू (30) के रूप में हुई है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रशीद, अनीश और फरमान समेत अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।