पंचायतीराज चुनाव में डीग और कुम्हेर पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी होने के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति सामने आ गई है। दोनों पंचायत समितियों के 54 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 535 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए थे। जांच के बाद इनमें 416 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष के अनुसार डीग पंचायत समिति क्षेत्र में 235 नामांकन पत्र प्रस्तुत हुए थे, जिनमें 196 अभ्यर्थी शामिल थे। संवीक्षा के बाद यहां 190 नामांकन वैध पाए गए। वहीं, कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र में 300 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए थे, जिनमें 229 अभ्यर्थी शामिल थे। जांच के बाद यहां 226 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध घोषित किए गए। दोनों पंचायत समितियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुम्हेर में वैध नामांकन की संख्या डीग से अधिक रही। संवीक्षा के दौरान कुल 72 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए, जबकि 47 नामांकन पत्र डिस्कार्ड हुए। इस तरह डीग और कुम्हेर के 54 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 416 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। अब नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद चुनावी मैदान में शेष रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।