बूंदी के देईखेड़ा क्षेत्र की रेलवे पार की बस्ती चक मालिक पूरा के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर निगम के सहायक अभियंता लाखेरी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर बदलने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में बस्ती और घाट का बराणा स्टेशन में बिजली आपूर्ति छप्पन पूरा फीडर से की जा रही है। इस फीडर पर बहुत लंबी लाइन और आधा दर्जन गांवों की आपूर्ति का भार है, जिससे बिजली बार-बार बाधित होती है। इससे आमजन के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौजूदा फीडर पर अधिक भार होने के कारण वोल्टेज की समस्या भी बनी रहती है, जिससे घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थिति को देखते हुए बस्ती की बिजली आपूर्ति को वर्तमान छप्पन पूरा फीडर से हटाकर नोताडा फीडर से जोड़ने की मांग की है, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके। ज्ञापन पर मुकेश मीणा, प्रह्लाद मीणा, रमेश गुर्जर, रघुनंदन गौतम सहित क्षेत्र के कई लोगों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। यह ज्ञापन सहायक अभियंता लाखेरी लाल जाटव को अधिशासी अभियंता संदीप मालवीय के नाम सौंपा गया। कंटेंट: दिनेश व्यास