उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उदयपुर में कहा कि राइजिंग राजस्थान के तहत हुए एमओयू में से बड़ी संख्या में क्रियान्वयन हो चुका है। सरकार का कार्य व्यवसाय करना नहीं, बल्कि उद्योगों को सुगम वातावरण प्रदान करना है। दीया कुमारी मंगलवार को उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा दक्षिणी राजस्थान में उद्योग एवं पर्यटन की संभावनाएं विषय पर एक परिचर्चात्मक सेमिनार को संबोधित कर रही थी। उन्होंने यूसीसीआई उदयपुर के दिए गए सुझावों को मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने उदयपुर में ट्रैवल मार्ट के आयोजन की पुष्टि करते हुए पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की आवश्यकता बताई और ओवर-टूरिज्म के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने होम स्टे को पर्यटन बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बताया और महाराणा प्रताप सर्किट एवं ट्राइबल सर्किट के विकास की जानकारी दी। ऐतिहासिलक धरोहरों का होगा विकास विशिष्ट अतिथि नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन के संतुलित विकास पर जोर दिया। उन्होंने उदयपुर के बदलते पर्यावरण पर चिंता व्यक्त करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य के संरक्षण की आवश्यकता बताई। साथ ही नाथद्वारा में अव्यवस्थित विकास, यातायात एवं पार्किंग समस्याओं पर ध्यान दिलाया और चित्तौड़गढ़ के ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं वहां बेहतर ठहराव सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया कार्यक्रम में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी, उदयपुर (ग्रामीण) विधायक फूलसिंह मीणा, डूंगरपुर जिला प्रमुख बंशीलाल कटारा, भाजपा उदयपुर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, उदयपुर ग्रामीण अध्यक्ष पुष्कर तेली, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबन्धक शैलेन्द्र शर्मा, रीको के वरिष्ठ उप-महाप्रबन्धक अजय पंड्या आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन क्षेत्र से लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। यूसीसीआई के अध्यक्ष मनीष गलूण्डिया ने स्वागत उद्बोधन में यूसीसीआई की 61साल की यात्रा, क्षेत्रीय विकास में इसकी भूमिका एवं लगभग 1.5 लाख करोड़ के निवेश प्रतिनिधित्व का उल्लेख किया। कार्यक्रम में यूसीसीआई के संरक्षक बी.एच. बापना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सन्दीप बापना, उपाध्यक्ष महेन्द्रसिंह खिमेसरा, पूर्व अध्यक्ष कोमल कोठारी, वीरेन्द्र सिरोया, हंसराज चौधरी, आरके सिंघवी, एम.एल. लूणावत एवं सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन मानद कोषाध्यक्ष हसीना चक्कीवाला द्वारा किया गया तथा अंत में मानद महासचिव आशीष छाबड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की दीया कुमारी ने इसी जगह पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पर्यटन विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में डिप्टी सीएम द्वारा विभिन्न योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सड़क कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने उदयपुर संभाग में कई परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अत्यधिक आवश्यक सड़कों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।