देवगढ़ थाना क्षेत्र के खेर मगरी गांव में तालाब में डूबने से 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा मां के साथ अपने ननिहाल आया हुआ था। बच्चा शौच के लिए बाहर गया था। जब वह तालाब पर हाथ धाने गया तो उसका पैर फिसल गया और पानी में चला गया। देवगढ़ थाने के एएसआई शिवलाल ने बताया- सुहागपुरा थाना क्षेत्र के बड़ी अंबेली निवासी कालू मीणा (6) पुत्र बापूलाल मीणा अपनी मां अंगुरी के साथ ननिहाल खेर मगरी आया था। तीन दिन पहले ही मां की डिलीवरी आई थी। मां घटना के समय हॉस्पिटल में थी। गुरुवार को कालू शौच के लिए घर से बाहर गया था। इसके बाद वह तालाब पर हाथ धोने पहुंचा, जहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस की सहायता से बच्चे को तालाब से बाहर निकाला। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के नाना हीरालाल मीणा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाकर शव सौंप दिया है।