धौलपुर के ग्राम अल्हेपुरा में सदर थाना पुलिस ने 836 साड़ियां और 440 साफों से भरी बोलेरो गाड़ी जब्त की। पुलिस को आशंका है कि पंचायत चुनाव में नरपुरा ग्राम पंचायत के मतदाताओं को लुभाने के लिए सामग्री बांटी जा सकती थी। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर पंचायत चुनाव निष्पक्ष और प्रलोभन मुक्त कराने के लिए अभियान चल रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के पर्यवेक्षण और वृत्ताधिकारी शहर धौलपुर प्रदीप कुमार के सुपरविजन में यह कार्रवाई हुई। थाना सदर प्रभारी अमित कुमार ने पुलिस टीम का नेतृत्व किया। पुलिस ने बोलेरो नंबर RJ 11 UA 1282 जब्त कर उसमें रखी सामग्री अपने कब्जे में ली। कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत की गई। पुलिस सामग्री से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार, हेड कांस्टेबल गणेश, कांस्टेबल मनोज और चालक कांस्टेबल खैम सिंह शामिल थे।