धौलपुर जिले में प्रसिद्ध लोकदेवता बाबू महाराज का लक्खी मेला शनिवार से शुरू हो गया है। यह मेला सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के कुदिन्ना और सैंपऊ क्षेत्र के चितौरा गांव स्थित बाबू महाराज मंदिरों पर लग रहा है। मेले में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने से मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में चहल-पहल बढ़ गई है। रविवार को बाबू महाराज की दौज के मौके पर मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के मुताबिक, मेले में लाखों श्रद्धालु आ सकते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर और मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मेले में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के आने वाले रास्तों पर कई श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे भी लगाए जा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग प्रसादी ले रहे हैं। मान्यता है कि असाध्य रोगों से पीड़ित लोग बाबू महाराज की दौज पर मंदिर आकर पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थित कुंड में स्नान करने से उन्हें रोग में आराम मिलता है। इसी आस्था के कारण हर साल दौज के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।