प्रसिद्ध बाबू महाराज थूम मेले में रविवार को दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बाइक गजपुरा मोड़ से आगे आमने-सामने टकरा गई। इस हादसे में चार युवक घायल हो गए और दो बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में नरेगांव, फतेहाबाद आगरा निवासी इंद्रजीत सिंह (30) पुत्र खेतपाल सिंह और मुकेश (26) पुत्र हुब्बलाल घायल हुए। इनके अलावा मटियाबांस, नादनपुर निवासी कान्हा (24) पुत्र मुकेश और कोकीपुरा, मासलपुर, करौली निवासी सोनू (20) पुत्र रामबाबू भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही नादनपुर 108 एम्बुलेंस के ईएमटी डीके कुशवाहा और पायलट हेमंत शर्मा मौके पर पहुंचे। चारों घायलों को इलाज के लिए बाड़ी के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर गौरव सिंघल ने इंद्रजीत सिंह और सोनू की गंभीर हालत देखकर उन्हें धौलपुर रेफर कर दिया। गंभीर घायल इंद्रजीत सिंह को ईएमटी डीके कुशवाहा 108 एम्बुलेंस से धौलपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। थूम मेले के कारण हादसे के बाद मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई थी। इससे एम्बुलेंस को अस्पताल तक पहुंचने में दिक्कत हुई। बाड़ी सीओ की देखरेख में पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस के आगे चलकर भीड़ को हटाया और रास्ता बनाकर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।