धौलपुर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर जिलेभर में माता रानी की आराधना और भक्ति का माहौल बना हुआ है। शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जगह-जगह माता की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान कई स्थानों पर डांडिया और गरबा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय लोग उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। शहर के भामतीपुरा क्षेत्र में स्थापित माता की प्रतिमा के समक्ष स्थानीय लोगों ने डांडिया और गरबा कर मां भगवती की आराधना की। इस दौरान माता की भेंट और लांगुरिया के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भक्ति गीतों और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालु देर तक धार्मिक आयोजनों में शामिल रहे। विभिन्न स्थानों पर माता के जागरण का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु रातभर भजन-कीर्तन कर माता का गुणगान कर रहे हैं। अष्टमी पर्व पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु धौलपुर जिले में रविवार को अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के इस महत्वपूर्ण अवसर पर श्रद्धालु माता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है। धार्मिक आयोजनों के बीच जिलेभर में नवरात्र की रौनक बनी हुई है। जाटौली में गायत्री ज्ञान यज्ञ का आयोजन, महिलाओं को किया जागरूक जाटौली गांव में महिला जागृति मंडल की हंसा राना के नेतृत्व में गायत्री ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव में कलश यात्रा निकाली गई। गायत्री परिवार के कैलाश चंद्र, मुकेश कुमार और प्रतिभा ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए और महिलाओं को विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूक किया। सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक राकेश शर्मा, हरवेंद्र शर्मा और अभय राना के नेतृत्व में आयोजित कलश यात्रा में महिलाओं ने भाग लिया। समाजसेवी दिनेश सलेमपुर ने बालिकाओं के लिए जलपान और स्वल्पाहार की व्यवस्था की।