धौलपुर में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा और निगरानी का प्लान लागू किया गया है। एएसपी वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी एएसपी श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में पुलिस टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा ने बताया कि पहले चरण में बुधवार 9 सितंबर को धौलपुर नगर परिषद, राजाखेड़ा, मनियां और सैंपऊ नगरपालिका क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। इन 135 वार्डों के 176 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल और पुलिस बल मंगलवार को रवाना होगा। मतदान केंद्रों और उनके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष निगरानी रखी जाएगी। निकाय चुनाव के लिए सुरक्षा कड़ी चुनाव को देखते हुए पुलिस ने नगर निकाय क्षेत्रों में पैदल गश्त और एरिया डोमिनेशन अभियान तेज कर दिया है। मुख्य बाजारों, सार्वजनिक जगहों, मतदान केंद्रों के आसपास और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। होटल, ढाबे, धर्मशालाओं और लॉज समेत संदिग्ध जगहों पर सघन चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध लोगों और गाड़ियों की जांच के साथ बाहरी लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने चुनाव में विवाद या शांति भंग करने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों और आपराधिक लोगों को अपनी निगरानी में लिया है। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के हिसाब से कार्रवाई की जा रही है। मतदाताओं को प्रभावित करने, शराब या दूसरे लालच देने, हथियार दिखाने या चुनाव प्रक्रिया में रुकावट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे डर, दबाव, लालच और अफवाहों से प्रभावित हुए बिना आजाद होकर वोट डालें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया में शांति भंग करने या रुकावट डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।