धौलपुर में पुलिस ने पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एसपी विकास सांगवान ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निस्तारण और अनुसंधान की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक शनिवार दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक चली। बैठक में एएसपी वैभव शर्मा, एडीएफ बाड़ी के एएसपी श्रवण कुमार झोरड़, एएसपी हवा सिंह सहित जिले के सभी वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे। पंचायतवार तैयारियों की होगी समीक्षा एसपी सांगवान ने निर्देश दिए कि सभी थानाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत की स्थिति का विस्तृत आकलन तैयार रखें। संवेदनशील क्षेत्रों, आपसी रंजिश, संभावित विवादों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। 60 और 90 दिन में निस्तारण योग्य मामलों पर जोर बैठक में 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा में निस्तारित किए जाने वाले प्रकरणों की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और अनावश्यक देरी से बचते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनुसंधान के दौरान साक्ष्य संकलन, जरूरी दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया गया। ई-साक्ष्य की कमियां दूर करने के निर्देश बैठक में ई-साक्ष्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन प्रकरणों की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए, जिनमें ई-साक्ष्य तैयार नहीं किए गए हैं या आवश्यक लिंकिंग की कार्रवाई लंबित है। अधिकारियों को कमियां चिह्नित कर उन्हें दूर करने और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। एसपी ने अपराधों की रोकथाम, वांछित एवं फरार अपराधियों की धरपकड़, आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और नियमित गश्त पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस-जन संवाद मजबूत करने तथा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।