करवा चौथ के पर्व पर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर धौलपुर जिले में भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले और घने बादल छाए रहे। कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ने से मौसम में ठंडक घुल गई। अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन आसमान में छाए बादलों ने बारिश की संभावना बढ़ा दी है। मौसम विभाग की ओर से अगले 2 दिनों तक जिले में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को भी मौसम के मिजाज को लेकर चिंता सता रही है। दिनभर बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। तापमान में आई गिरावट बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव मौसम में बदलाव के रूप में नजर आने लगा है। इसके असर से धौलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। करवा चौथ के चांद पर टिकी नजरें करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार महिलाएं रात में चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती हैं। ऐसे में आसमान में छाए घने बादलों के बीच चांद के दर्शन होना व्रती महिलाओं के लिए चुनौती बन सकता है। अब सभी की नजरें मौसम के मिजाज और रात में आसमान साफ होने की संभावना पर टिकी हैं।