धौलपुर जिले सैंफऊ थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार एक आरोपी युवती के ही गांव का है, जबकि दूसरा पड़ोसी गांव का रहने वाला है। आरोप है कि दोनों युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। गांव का युवक उसे अपने घर ले गया, जहां दूसरे युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि पहला आरोपी बाहर निगरानी करता रहा। घटना की जानकारी तब हुई जब युवती का भाई मौके पर पहुंचा। बहन को आरोपियों के साथ देख वह स्तब्ध रह गया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे धौलपुर ग्रामीण सीओ अनूप कुमार ने बताया कि दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल का मौका मुआयना कर एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।